प्रतापगढ़। जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में तहसील रानीगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस मौके पर कुल 260 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुए, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त कुल 260 शिकायतों में से 108 शिकायतें राजस्व विभाग से, 84 पुलिस विभाग से, 27 विकास विभाग से, 6 समाज कल्याण विभाग से और 35 अन्य विभागों से संबंधित थीं। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल और विकास विभाग से संबंधित शिकायतों को मुख्य विकास अधिकारी नवनीत सेहारा द्वारा सुना गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता साबिरा, पत्नी स्वर्गीय इंसान अली, ने शिकायत की कि उनके पूर्वजों की भूमि ग्राम पूरेहिरामन की गाटा संख्या 409 है। उनके पति इंसान अली का निधन 13 जून 2023 को हो गया था। उन्होंने दो बार वरासत के लिए ऑनलाइन आवेदन किया, लेकिन क्षेत्रीय लेखपाल दिनेश मिश्रा ने बिना जांच किए उसे निरस्त कर दिया। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल दिनेश मिश्रा को निलंबित करने का निर्देश दिया और तहसीलदार रानीगंज को शिकायतकर्ता की वरासत दर्ज कराने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों, लेखपालों और कानून-गो को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए, जिससे शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हो सकें।
उन्होंने कहा कि जमीनी विवादों की शिकायतों को राजस्व और पुलिस टीम द्वारा मौके पर जाकर बिना किसी पक्षपात के निस्तारित किया जाए। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोई भी गरीब व्यक्ति किसी कल्याणकारी योजना से वंचित न रहे।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय-सीमा के अंदर किया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आग्रह किया कि वे शिकायतकर्ताओं की शिकायतों को विनम्रता पूर्वक सुनें, निष्पक्ष जांच करें और सुनिश्चित करें कि प्रत्येक पीड़ित को न्याय मिले।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के इस आयोजन में जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, तहसीलदार समेत जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
© Copyright 2026 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya