प्रयागराज। अतरसुइया थाना क्षेत्र के अंतर्गत रानी मंडी इलाके में गुरुवार सुबह करीब 7:00 बजे एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। युवक की उम्र लगभग 20 से 22 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसकी बहुत ही बुरी तरह से हत्या की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रानी मंडी के निवासी अभिषेक कुशवाहा के रूप में हुई है।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की एक आंख फोड़ दी गई थी, जबकि दूसरी आंख बाहर की ओर निकली हुई थी। इसके अलावा, उसके हाथ-पैर पर भी गंभीर चोटों के निशान थे, और सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया था।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस हत्या के पीछे आदित्य मालवीय नामक व्यक्ति का हाथ है, जिसके साथ अभिषेक की पुरानी रंजिशें चल रही थीं। परिवार के आरोपों के आधार पर शाम 5:00 बजे के करीब अतरसुइया थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।
शव की पहचान होते ही, मृतक के परिजन और स्थानीय लोग अतरसुइया चौराहे पर इकट्ठा हो गए और अपराधी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्का जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अतरसुइया थाना अध्यक्ष ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस हत्या कांड का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।