राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतापगढ़ के तत्वावधान में माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अब्दुल शाहिद जी द्वारा जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुमित पंवार व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्चना तिवारी के द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के द्वारा जारी एस0ओ0पी0 के अनुसार कारागार के बैरकों, पाकशाला, चिकित्सालय, लीगल एड क्लीनिक, पुस्तकालय, ई-लाइब्रेरी का निरीक्षण कर बन्दियों के भोजन, साफ-सफाई, चिकित्सा, सुरक्षा तथा उनको दी जाने वाली विधिक सहायता आदि के बारे जानकारी ली गयी तथा बन्दियों को माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा दिये गये दिशा निर्देशों के अनुरूप सुविधायें देने हेतु निर्देशित किया गया। जिला जज द्वारा जिला कारागार में निरूद्ध बंदियों की समस्याओं को सुना गया जिसमें निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने, जमानतदार उपलब्ध कराने, नियमित रूप से बंदियों के लिये दवा उपलब्ध कराने, महिला कैदियों के साथ रह रहे उनके छोटे बच्चों के लिये दूध की व्यवस्था कराने हेतु निर्देशित किया गया। जिला कारागार में स्थित अस्पताल का निरीक्षण किया गया और वहॉ पर भर्ती बंदियों के स्वास्थ्य और चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई। इस दौरान जिला कारागार में स्थित लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से जिला कारागार अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी, डिप्टी जेलर आफताब अंसारी, डाक्टर प्रवीण रजन, डिप्टी जेलर श्रद्धा देवी, धु्रव नारायण श्रीवास्तव, लालाराम, फार्मेसिस्ट केशरी नंदन उपस्थित रहे।