अमेठी। जिलाधिकारी निशा अनंत ने आज शारदा सहायक खंड 41 अमेठी के अंतर्गत ग्राम सरैया दुबान के पास स्थित जायस रजबहा में पानी संचालन को लेकर स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता मनीष रंजन ने बताया कि जायस रजबहा की कुल लंबाई 58.400 किलोमीटर है तथा शीर्ष डिस्चार्ज 467.00 क्यूसेक है। रजबहा के इस हिस्से में बेड की चौड़ाई 6.10 मीटर, फुल सप्लाई डेप्थ 0.83 मीटर तथा डिस्चार्ज 73.650 क्यूसेक है। खरीफ फसल 1432 के समय नहर में पानी संचालन के दौरान रजबहा के निरीक्षण स्थल पर पानी सिंचाई हेतु नहीं पहुंच पाया था।
जिलाधिकारी के पूछने पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पूर्व नहर संचालन में जायस रजबहा के किलोमीटर 36.150 तक ही पानी पहुंच सका है। उन्होंने आश्वासन दिया कि निरीक्षण स्थल तक पानी 11 अगस्त 2024 तक या उससे पहले पहुंच जाएगा। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने रजबहा पर स्थित कुलाबे का भी निरीक्षण किया और उसकी साफ-सफाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता संजय कुमार, अवर अभियंता रवि प्रकाश, जायस रजबहा जल उपभोक्ता समिति के रामफेर मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
© Copyright 2025 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya