बाबा बेलखरनाथ धाम में सावन मेले के दौरान दूर दराज से आने वाले दर्शनार्थी और बाइक से कांवड़ लेकर आ रहे कांवरियों को अवैध वाहन स्टैंड का सामना करना पड़ रहा है। यहां साइकिल, मोटरसाइकिल, और चार पहिया वाहनों के लिए अवैध तरीके से शुल्क वसूला जा रहा है। साइकिल के लिए दस रुपए, मोटरसाइकिल के लिए बीस रुपए, और चार पहिया वाहनों के लिए पचास रुपए वसूले जा रहे हैं।
सोमवार और शनिवार को धाम में भीड़ अधिक होती है, और धाम से पहले खेतों में अवैध साइकिल स्टैंड बना कर दर्शनार्थियों से वसूली की जाती है। पिछले सोमवार को जब एक दर्शनार्थी ने इस वसूली का विरोध किया, तो साइकिल स्टैंड संचालक के गुर्गों ने उसके साथ मारपीट की। दर्शनार्थी का परिवार साथ था, इसलिए मामला शांत हो गया।
अवैध वाहन स्टैंड बिना किसी की अनुमति के चल रहा है, और वह भी पुलिस की मौजूदगी में। पर्ची पर "बाबा बेलखरनाथ धाम गौतम साइकिल स्टैंड" लिखा हुआ है और बाकायदा पर्ची दी जा रही है। इस अवैध साइकिल स्टैंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
योगी सरकार में जहां गुंडा और गुण्डाटैक्स पर कार्रवाई हो रही है, वहीं दिलीपपुर थाना क्षेत्र के बाबा बेलखरनाथ धाम में पुलिस के सामने अवैध वसूली हो रही है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिसकर्मी डंडे लेकर स्टैंड पर गाड़ी खड़ी करवा रहे हैं।
इस मुद्दे पर प्रशासन की मूक दर्शक बनी भूमिका ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है और अवैध वसूली के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।
© Copyright 2026 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya