नवागत पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने प्रतापगढ़ जिले में अपना कार्यभार संभाल लिया है। 11 महीने चंदौली जिले में सफलतापूर्वक कमान संभालने के बाद अब उन्हें प्रतापगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक ने जिले को अपराध मुक्त बनाए रखने को अपना मुख्य उद्देश्य बताया। उन्होंने कहा कि जनपद के अपराधियों की कुंडली बनाई जाएगी और आराजकता फैलाने वाले लोगों को कतई माफ नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने घोषणा की कि हर अपराधी पर नजर रखने के लिए एक-एक पुलिसकर्मी को जिम्मेदारी दी जाएगी। पेशेवर अपराधी, गौतस्कर और मादक पदार्थ सप्लायरों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संपत्ति माफियाओं और भ्रष्ट थानेदारों व पुलिस कर्मियों पर भी समुचित कार्रवाई होगी। कुछ पुलिसकर्मियों को पैदल किया जाएगा और कुछ को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई पर विशेष फोकस देने की बात कही। उन्होंने कहा कि थाने पर ही न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा ताकि पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना न पड़े। ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए अवैध बस और टेम्पो अड्डों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने मीडियाकर्मियों के साथ एक प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने बताया कि अपराध पर नियंत्रण, अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजना और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।
एसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने आश्वासन दिया कि थाना/पुलिस चौकी स्तर पर ही पीड़ितों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा ताकि उन्हें न्याय के लिए भटकना न पड़े। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्व टीम के साथ समन्वय स्थापित कर जमीनी विवादों का निस्तारण भी किया जाएगा।
विशेष परिस्थितियों में सूचना देने के लिए सीयूजी नंबर पर मैसेज भेजने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
नवागत पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने अपनी स्पष्ट और ठोस प्राथमिकताओं के साथ कार्यभार संभालते हुए जनपद प्रतापगढ़ को अपराध मुक्त और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं।
© Copyright 2026 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya