प्रतापगढ़: जिला मजिस्ट्रेट संजीव रंजन ने 17 जून 2024 को ईदुज्जुहा (बकरीद) त्योहार के अवसर पर सम्पूर्ण जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए हैं। उन्होंने शांति, साम्प्रदायिक सद्भाव और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्रवार 43 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 5 जोनल मजिस्ट्रेट (उपजिलाधिकारी सदर, रानीगंज, पट्टी, लालगंज, और कुण्डा) के साथ संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा 2 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट (अपर जिला मजिस्ट्रेट (वि0/रा0) और अपर जिला मजिस्ट्रेट भू0-राजस्व) के साथ पुलिस अधिकारी के रूप में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) और अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की ड्यूटी लगाई है।
इसके अतिरिक्त, 3 मजिस्ट्रेट (अपर उपजिलाधिकारी (प्रथम), अपर उपजिलाधिकारी (द्वितीय), और उपजिलाधिकारी (न्यायिक) सदर) की भी क्षेत्रवार ड्यूटी लगाई गई है। जिला मजिस्ट्रेट ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने तहसील क्षेत्र में पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ लगातार भ्रमण करें और शांति एवं विधि व्यवस्था सुनिश्चित करें।
उन्होंने तहसील क्षेत्र के खण्ड विकास अधिकारियों से समन्वय कर संवेदनशील और आवश्यक स्थलों, जैसे मस्जिदों और ईदगाहों, पर लेखपालों, ग्राम पंचायत अधिकारियों, सहायक खण्ड विकास अधिकारियों, खण्ड शिक्षा अधिकारियों, सफाई कर्मियों और अन्य ग्राम स्तरीय अधिकारियों/कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। तहसीलदार/नायब तहसीलदार को भी आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे और उनसे क्षेत्र की गतिविधियों और संवेदनशीलता की सूचनाएँ संकलित करते हुए सजग और सतर्क रहने को कहा गया है।
जिला मजिस्ट्रेट ने सभी तैनात अधिकारी/मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया है कि वे बकरीद त्योहार के दौरान अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर उपस्थित रहें और संबंधित उपजिलाधिकारी/क्षेत्राधिकारियों एवं अन्य उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करें। असामाजिक, विघटनकारी तत्वों और साम्प्रदायिक उपद्रव की संभावना को ध्यान में रखते हुए सजग और सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी तुरंत जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस अधीक्षक को सूचित करेंगे।
© Copyright 2026 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya