प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा 18 से 30 वर्ष के युवा रचनाकारों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कहानी, कविता एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इच्छुक प्रतिभागी अपनी प्रविष्टियाँ 28 सितंबर 2024 तक भेज सकते हैं। प्रविष्टियाँ निदेशक, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, राजर्षि पुरुषोत्तमदास टंडन हिन्दी भवन, 6-महात्मा गांधी मार्ग, हजरतगंज, लखनऊ-226001 के पते पर भेजी जानी चाहिए। लिफाफे पर स्पष्ट रूप से "कहानी/कविता/निबंध प्रतियोगिता" लिखना अनिवार्य है।
यह प्रतियोगिता विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के युवा रचनाकारों के लिए आयोजित की जा रही है। विजेताओं के लिए प्रथम पुरस्कार ₹7,000, द्वितीय पुरस्कार ₹5,000, तृतीय पुरस्कार ₹4,000, और दो सांत्वना पुरस्कार के रूप में ₹2,000 की राशि निर्धारित की गई है।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कहानी, कविता एवं निबंध को तीन प्रतियों में ए-4 आकार के कागज पर कंप्यूटर से टाइप कर भेजना आवश्यक है। कहानी अधिकतम 2500 शब्दों की होनी चाहिए, जबकि कविता अधिकतम 500 शब्दों की (एक ओर टंकित) होनी चाहिए। निबंध का विषय 'पर्यावरण और हमारा दायित्व' होगा, जो अधिकतम 2500 शब्दों का (एक ओर टंकित) होना चाहिए।
महत्वपूर्ण है कि कहानी, कविता एवं निबंध भारतीय सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित होने चाहिए। प्रविष्टियों पर शीर्षक के अतिरिक्त लेखक का नाम या पता अंकित नहीं होना चाहिए। अलग पृष्ठ पर शीर्षक के साथ प्रतिभागी का नाम, पता, दूरभाष संख्या एवं हाईस्कूल प्रमाण पत्र की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। पूर्व में पुरस्कृत रचनाकार की प्रविष्टि उसी विधा में स्वीकार नहीं की जाएगी।
युवा रचनाकारों से आग्रह है कि वे इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें।
© Copyright 2025 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya