प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के अंतर्गत चयनित नव नियुक्त लेखपालों को नियुक्ति पत्र का वितरण लोक भवन, लखनऊ में किया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण तुलसीसदन (हादीहाल) सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता, विधायक सदर प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, समस्त तहसीलों के उपजिलाधिकारी और नव नियुक्त लेखपाल उपस्थित रहे।
विधायक विश्वनाथगंज जीत लाल पटेल ने नव नियुक्त लेखपालों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लेखपालों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने लेखपालों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और पारदर्शी ढंग से करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लेखपालों को लोगों के बीच अपनी छवि को सकारात्मक बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि जनपद में सबसे अधिक शिकायतें जमीन से संबंधित होती हैं। उन्होंने लेखपालों को लोगों से सीधे संवाद करने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की अपील की।
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि राजस्व मामलों में लेखपाल का पद अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने लेखपालों से गरीब और असहाय व्यक्तियों के जमीन विवादों का निस्तारण ईमानदारी पूर्वक करने की अपील की।
मुख्य राजस्व अधिकारी राकेश कुमार गुप्ता ने नव नियुक्त लेखपालों को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें अपने कार्यों में निष्ठा और ईमानदारी दिखानी चाहिए। उन्होंने ऑनलाइन आवेदन के निस्तारण में प्राथमिकता और समय सीमा का पालन करने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मो. अनीस ने किया।
इस कार्यक्रम में विधायक सदर प्रतिनिधि अरुण कुमार मौर्य और लेखपाल संघ के जिला अध्यक्ष एनुल हसन ने भी अपने विचार व्यक्त किए और नव नियुक्त लेखपालों को बधाई दी।
जनपद के 157 नव नियुक्त लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरित
तुलसीसदन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में तहसील सदर के 29, पट्टी तहसील के 32, रानीगंज के 13, लालगंज के 32 और कुण्डा तहसील के 51 लेखपालों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस प्रकार, कुल 157 लेखपालों को जनप्रतिनिधियों और मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा नियुक्ति पत्र सौंपे गए।
© Copyright 2026 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya