प्रतापगढ़, कुंडा: पेट्रोल पंप लूट का सनसनीखेज मामला 24 घंटे के भीतर खुलासा हो गया। जब ऑन लाइन गेम में हारने के बाद पेट्रोल पंप मैनेजर और सेल्समैन ने लूट की झूठी कहानी रच दी, तो प्रतापगढ़ पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई।
प्रतापगढ़ के एसपी डॉ. अनिल कुमार के मौके पर पहुंचते ही मामला खुला और सच्चाई सामने आ गई। लूट की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और जल्द ही मैनेजर और सेल्समैन अपनी ही कहानी में फंस गए।
मैनेजर राहुल तिवारी और सेल्समैन सचिन मिश्र ने ऑनलाइन गेम ड्रीम 11 में एक लाख सैंतालीस हजार रुपए गंवा दिए थे। इस हार के बाद दोनों ने मिलकर पेट्रोल पंप पर लूट की झूठी कहानी गढ़ दी। उन्होंने अपने मोबाइल फोन तोड़ दिए और सीसीटीवी का डीवीआर फेंक दिया।
मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी कि पांच बाइक सवार बदमाशों ने दो लाख रुपये लूट लिए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिल कुमार ने स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस को सख्त निर्देश दिए कि वारदात का जल्द से जल्द खुलासा करें।
स्वाट टीम प्रभारी सुनील यादव और कुंडा कोतवाल सत्येंद्र सिंह की टीम ने कुछ ही घंटों में फर्जी लूट का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने मैनेजर राहुल तिवारी और सेल्समैन सचिन मिश्र को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 87,460 रुपये, डीवीआर और तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। यह मामला कुंडा कोतवाली इलाके के तकिया मौली स्थित पेट्रोल पंप का है।
प्रतापगढ़ पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से यह मामला जल्दी ही सुलझ गया, जिससे स्थानीय लोगों में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
© Copyright 2026 by शिवंलेख - Design & Developed By Codes Acharya