Ananya Raj Death : कभी-कभी जिंदगी की कहानी इतनी जल्दी खत्म हो जाती है कि यकीन करना मुश्किल हो जाता है। जिस उम्र में सपने उड़ान भरना शुरू करते हैं, जिस उम्र में करियर को नई पहचान मिलनी होती है, उस उम्र में कोई अचानक हमेशा के लिए खामोश हो जाए तो उसके पीछे रह जाते हैं सिर्फ सवाल, यादें और आंखों में नमी।
कुछ ऐसा ही हुआ है एक्ट्रेस अनन्या राज के साथ। महज 27 साल की उम्र में अनन्या ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उनकी मौत करीब एक महीने पहले हो चुकी थी, लेकिन परिवार ने अब जाकर इसकी जानकारी सार्वजनिक की।
परिवार के मुताबिक, अनन्या ने 15 जुलाई की सुबह नींद में ही आखिरी सांस ली। बताया गया कि पिछले एक साल से ज्यादा समय से वह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों और कई बीमारियों से जूझ रही थीं। परिवार ने कहा कि अनन्या ने इस मुश्किल दौर से बाहर आने के लिए एक योद्धा की तरह लड़ाई लड़ी। लेकिन अनन्या सिर्फ एक नाम नहीं थीं। उनके अपने सपने थे, अपनी पहचान बनाने की कोशिश थी और कैमरे के सामने कुछ अलग करने का जुनून भी था।
मुंबई में पली-बढ़ीं अनन्या ने साल 2016 में साथ हॉर्स टू घोस्ट से बॉलीवुड में कदम रखा। इसके बाद वह द फाइनल एग्जिट और विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म घोस्ट में भी नजर आईं। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने वेब प्रोजेक्ट्स, शॉर्ट फिल्म्स और म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया। रीजनल सिनेमा में भी वह अपनी जगह बनाने की पुरजोर कोशिश कर रही थीं। एक तेलुगु फिल्म में उन्होंने सरिता का किरदार निभाया था। इसके अलावा वह टी-सीरीज, जी म्यूजिक और कई अन्य बड़े म्यूजिक ब्रांड्स के साथ अलग-अलग प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रही थीं।
अब जरा सोचकर देखिए, 27 साल की उम्र में पूरी जिंदगी सामने पड़ी थी। शायद कुछ नए रोल आने वाले थे, कुछ नए सपने पूरे होने वाले थे और कुछ ऐसे खास पल बनने वाले थे, जिनका इंतजार हर स्ट्रगलिंग एक्टर करता है। लेकिन जिंदगी को शायद कुछ और ही मंजूर था।
परिवार ने अनन्या के Instagram अकाउंट के जरिए Ananya Raj की मौत की जानकारी दी और लोगों से उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करने की अपील की। साथ ही परिवार ने इस मुश्किल वक्त में प्राइवेसी और शांति बनाए रखने की भी गुजारिश की है। उनके चाहने वालों के लिए शायद सबसे भारी बात यह है कि अनन्या अब कभी कैमरे के सामने दिखाई नहीं देंगी। कोई नया किरदार नहीं होगा, कोई नया प्रोजेक्ट नहीं होगा और न ही कोई नया इंटरव्यू होगा। बस उनकी पुरानी तस्वीरें, पुराने वीडियो और उनके काम की यादें पीछे रह जाएंगी।
कभी-कभी कोई कलाकार बहुत बड़ा नाम बनने से पहले ही इस दुनिया से चला जाता है, लेकिन उसकी छोटी-सी जर्नी भी लोगों के दिलों में अपनी जगह बना लेती है। अनन्या राज की कहानी भी कुछ ऐसी ही अधूरी कहानी बनकर रह गई है। 27 साल की उम्र में उनका जिंदगी से यूं अचानक चले जाना उनके फैंस को काफी परेशान कर रहा है। हम भी अपनी टीम की तरफ से अनन्या राज को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।